रूसी एरो स्पेस प्रदर्शनी में ईरानी क्रूज़ मीज़ाइल की धूम
रूस में एयर शो और एरो स्पेस से संबंधित प्रदर्शनी मैक्स-2019 में इस्लामी गणतंत्र ईरान में तैयार क्रूज़ मीज़ाइल मुबीन का अनावरण किया गया।
ईरान द्वारा तैयार किया गया क्रूज़ मीज़ाइल मुबीन 450 किलोमीटर तक मार कर सकता है और इसका वज़न 670 किलोग्राम है जबकि 45 हज़ार फ़िट की उंचाई पर उड़ सकता है।
रूस में एयर शो और एरो स्पेस से संबंधित प्रदर्शन मैक्स-2019 में ईरान सहित दुनिया के 17 देशों ने भाग लिया है। यह प्रदर्शनी मंगलवार को रूस के शहर जोकोफ़स्की में शुरु हुई।
इस प्रदर्शनी में जो पहली दिसम्बर तक जारी रहेगी दुनिया के विभिन्न देशों की 340 कंपनियां भाग ले रही हैं और वह एरो स्पेस से संबंधित अपने ताज़ा और आधुनिक उत्पादनों और तकनीकों को पेश कर रही हैं।
रूस की मैक्स-2019 प्रदर्शनी में ईरानी प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व उप रक्षामंत्री और ईरान के एरो स्पेस विभाग के प्रमुख ब्रिगेडियर अब्दुल करीम बनी तरफ़ी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान के स्टाॅल में प्रशिक्षण वाले जेट विमान का एक माॅडल और अनेक प्रकार के ड्रोन्ज़ के माॅडल रखे गये हैं जबकि ईरान में ही तैयार किए गये विमानों के अनेक प्रकार के इंजनों को भी इस प्रदर्शनी में पेश किया जा रहा है। (AK)