सीरिया के साथ ईरान का आर्थिक सहयोग जारी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i78795-सीरिया_के_साथ_ईरान_का_आर्थिक_सहयोग_जारी
ईरान के परिवहन मंत्री ने सीरिया के साथ जारी आर्थिक सहयोग की समीक्षा के उद्देश्य से दमिश्क़ की यात्रा की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ३०, २०१९ १०:२५ Asia/Kolkata
  •  सीरिया के साथ ईरान का आर्थिक सहयोग जारी

ईरान के परिवहन मंत्री ने सीरिया के साथ जारी आर्थिक सहयोग की समीक्षा के उद्देश्य से दमिश्क़ की यात्रा की है।

मुहम्मद इस्लामी ने गुरूवार की रात दमिश्क़ में सीरिया के प्रधानमंत्री एमाद ख़मीस से भेंटवार्ता की।  इस भेंटवार्ता में दोनो पक्षों ने द्विपक्षीय आर्थिक समझौतों के मार्ग में आने वाली बाधाओं पर विचार-विमर्श किया।  इस यात्रा में मुहम्मद इस्लामी ने सीरिया के वित्तमंत्री मुहम्मद सामिर से दमिश्क़ में मुलाक़ात की थी।  ईरान तथा सीरिया, समस्त क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के परिप्रेक्ष्य में सहकारिता कर रहे हैं।

अति विश्वसनीय सहयोगियों के रूप में ईरान तथा सीरिया, दीर्धकालीन योजनाओं पर काम कर रहे हैं जिनके लक्ष्यों में से एक, आर्थिक सहयोग है।  इसी संदर्भ में सीरिया के वित्तमंत्री मुहम्मद सामिर ने कहा कि उनका देश ईरान के साथ दीर्घकालीन वित्तीय एवं आर्थिक सहयोग का इच्छुक है।  सीरिया में पुनर्निर्माण एवं आर्थिक विकास के क्षेत्र में बहुत संभावनाएं पाई जाती हैं जिनमें ईरान, सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभा सकता है।  सीरिया में ईरानी कंपनियां, व्यापक स्तर पर पूंजी निवेश करके इस देश के पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय भूमिका निभा सकती हैं।

निःसन्देह, आतंकवादी गुटों के साथ युद्ध में सीरिया को होने वाली क्षति का पुनर्निर्माण, दमिश्क़ सरकार की प्राथमिकता में शामिल है ताकि यह देश युद्ध से पहले वाली स्थिति में पहुंच सके।  आतंकवादी गुटों के साथ युद्ध के कारण सीरिया की मूलभूत संरचना नष्ट हो चुकी है।  इस देश में सामान्य जीवन आरंभ करने के लिए नष्ट हुई मूलभूत संरचना का पुनर्निर्माण आवश्यक है।  इस्लामी गणतंत्र ईरान ने जिस प्रकार आतंकवादी गुटों के विरुद्ध युद्ध में सीरिया की जनता और सरकार के कांधे से कांधा मिलकार उनका साथ दिया उसी प्रकार वह इस देश के पुनर्निर्माण में भी सीरियन राष्ट्र के विश्वसनीय सहयोगी के रूप में अपने कर्तव्य का निर्वाह करेगा।  सीरिया के साथ ईरान का आर्थिक सहयोग, युद्ध के दौरान आतंकवादी गुटों के विरुद्ध संघर्ष के बिल्कुल भी कम नहीं है।  ऐसे में सीरिया के पुनर्निर्माण में ईरानी कंपनियों की सक्रियता, किसी भी रूप में स्ट्रैटेजिक महत्व से कम नहीं है जिसका दमिश्क़ सरकार खुले मन से स्वागत कर रही है।  संभवतः यही कारण है कि ईरान के परिवहन मंत्री ने कहा है कि सीरिया में ईरानी कंपनियां, व्यापक स्तर पर पूंजी निवेश करके इस देश के पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय भूमिका निभा सकती हैं।