विश्व समुदाय, सीरिया पर ज़ायोनियों का हमला बंद कराएः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने समस्त सरकारों की ओर से सीरिया की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा पर बल देते हुए कहा कि विश्व समुदाय को चाहिए कि वह ज़ायोनी शासन को सीरिया के विरुद्ध हमले करने का क्रम बंद करने के लिए मजबूर करे।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया संकट के बारे में आयोजित यूरोपीय संघ की उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि सीरिया के विरुद्ध इस्राईल के अतिक्रमण, इस देश के हालात के और अधिक जटिल होने का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह समस्त विदेशी सैनिक जो सीरिया की सरकार के अनुमति के बिना इस देश में मौजूद हैं, तुरंत इस देश से निकल जाएं।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने सीरिया के गोलान हाइट्स पर इस्राईल के अवैध क़ब्ज़े को स्वीकार करने की अमरीकी कार्यवाहियों को ग़ैर क़ानूनी और ग़लत क़रार दिया और कहा कि गोलान, सीरिया का एक भाग है।
जवाद ज़रीफ़ ने सीरिया संकट के राजनैतिक समाधान के संबंध में कहा कि ईरान ने हमेशा बल दिया है कि सीरिया संकट इस देश के नेतृत्व में राजनैतिक प्रक्रिया और संयुक्त राष्ट्र संघ की सहायता से ही हल हो सकता है।
विदेशमंत्री ने आस्ताना वार्ता की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान, अगली आस्ताना बैठक में सीरिया में शांति और स्थिरता स्थापित करने में मदद करेगा। (AK)