इमरान ख़ान का ईरान दौरा, तेहरान-रियाज़ तनाव कम करने की कोशिश
-
पाकि्स्तानी प्रधान मंत्री इमरान ख़ान अप्रैल 2019 में ईरान के दौरे पर राष्ट्रपति रूहानी के साथ (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान ख़ान शनिवार को ईरान के दौरे पर तेहरान आ रहे हैं। वह ईरान का दो दिवसीय दौरा करेंगे। यह उनका ईरान का दूसरा दौरा होगा।
डान न्यूज़ ने, इमरान ख़ान के इस अनौपचारिक तेहरान और रियाज़ दौरे के ब्योरे का ज़िक्र किए बिना, बताया है कि इमरान ख़ान 12 और 13 अक्तूबर को ईरान के दौरे पर इस देश के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी से मुलाक़ात के बाद सऊदी अरब जाएंगे।
इमरान ख़ान के ईरान-सऊदी अरब और तेहरान-वॉशिंग्टन के बीच तनाव कम करने के लिए अपने उपाय पेश करने के साथ साथ इस बात की भी संभावना है कि वह अफ़ग़ानिस्तान शांति के संबंध में इस्लामाबाद में तालेबान के प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तानी अधिकारियों की बातचीत के बारे में भी चर्चा करेंगे।
पाकिस्तानी प्रधान मंत्री के इस अनौपचारिक ईरान दौरे की ख़बरे ऐसी स्थिति में सामने आयी हैं कि पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फ़ैसल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था कि इमरान ख़ान का ईरान और सऊदी अरब के दौरे का कार्यक्रम है जिसका ब्योरा बाद में जारी होगा। (MAQ/N)