पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इमरान ख़ान पहुंचे तेहरान
पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान ख़ान तेहरान पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान ख़ान तेहरान पहुंच गए हैं। वह ईरानी अधिकारियों से बातचीत करेंगे। वह ऐसी हालत में तेहरान आए हैं कि पश्चिम एशियाई क्षेत्र में तनेवपूर्ण हालात हैं।
पाकिस्तानी प्रधान मंत्री के साथ उनके सहायक ज़ुल्फ़िक़ार बुख़ारी और विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी भी आए हैं। वह रविवार को तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पहुंचे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में आया है कि यह बातचीत इलाक़े में शांति और सुरक्षा के विषय पर केन्द्रित होगी।
पाकिस्तानी प्रधान मंत्री ईरान दौरे पर राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रुहानी और संभवतः इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनई से भी बातचीत करेंगे और फिर सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे।
यह इस साल इमरान ख़ान का दूसरा ईरान दौरा है।
इमरान ख़ान ने सितंबर में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र संघ के 74वें अधिवेशन के अवसर पर कहा था कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प और सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने उनसे ईरान के साथ मध्यस्थता करने का निवेदन किया था।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मूसवी ने शनिवार को कहा कि ईरान सऊदी अरब के साथ सीधे या मध्यस्थ के ज़रिए बातचीत के लिए तय्यार है। (MAQ/N)