प्रतिबंधों के मुक़ाबले में प्रतिरोध जारी रहेगाः रूहानी
ईरान के राष्ट्रपति का कहना है कि शत्रु, लगातार प्रतिबंधों को कठोर कर रहा है जबकि उसके मुक़ाबले में प्रतरोध जारी है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि दुश्मन ने ईरान के विरुद्ध पिछले दो वर्षों के दौरान कठोर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद ईरान, प्रतिबंध लगाने वालों के मुक़ाबले में कड़ा प्रतिरोध जारी रखेगा।
डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को तेहरान में आयोजित एक कांफ़्रेंस में कहा कि ईरान पर दबाव बढ़वाने वालों में मुख्य रूप से इस्राईल और सऊदी अरब हैं। उन्होंने कहा कि जेसीपीओए से अमरीका के निकलने में भी इस्राईल और सऊदी अरब की भूमिका रही है।राष्ट्रपति रूहानी का कहना था कि ईरानी राष्ट्र, देश के स्वाभिमान की रक्षा के लिए शत्रु के मुक़ाबले में डटा रहेगा। उन्होंने कहा कि ईरान ने वार्ता के मार्ग को बाधित नहीं किया है। ईरान के राष्ट्रपति रूहानी का कहना था कि अगर अमरीका अनुचित, अन्यायपूर्ण, ग़ैर क़ानूनी और आतंकवादी प्रतिबंध हटाता है तो गुट पांच धन एक के राष्ट्राध्यक्ष फौरन मुलाक़ात कर सकते हैं और ईरान को इस बारे में कोई मुश्किल नहीं है।
उन्होंने कहा कि ईरान कभी भी परमाणु समझौते का हननकर्ता नहीं रहा है और जेसीपीओए के प्रति प्रतिबद्धताओं में कमी, परमाणु समझौते के परिप्रेक्ष्य में है।