ईरान व पाकिस्तान की सीमा संबंधी समस्याओं की समीक्षा
ईरान व पाकिस्तान के अधिकारियों ने एक बैठक में संयुक्त सीमाओं की सुरक्षा समेत सीमा संबंधी समस्याओं का जायज़ा लिया है।
दोनों देशों की सीमा संबंधी संयुक्ति कमेटी की छठी बैठक तफ़तान के क्षेत्र में हुई जिसमें ईरान व पाकिस्तान के कई अहम अधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में दोनों पक्षों ने सीमाओं की सुरक्षा, संयुक्त सीमाओं पर बाड़ लगाने और ईरान के अपहृत सीमा सुरक्षा बल के कर्मियों की रिहाई जैसे मुद्दों पर बात की। ईरान के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सीस्तान व बलोचिस्तान प्रांत के गवर्नर हाउस में सुरक्षा मामलों के प्रमुख मुहम्मद रज़ा जहान तीग़ ने किया और पाकिस्तानी अधिकारियों से ईरान के अपहृत सुरक्षा कर्मियों की खोज की कार्यावाही के परिणामों के बारे में जानकारी हासिल की।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के आंतरिक व क़बायली मामलों के उप प्रमुख हफ़ीज़ुल्लाह ने, जिन्होंने पाकिस्तानी दल का नेतृत्व किया, कहा कि उनका देश, ईरान के सहयोग से अपहृत ईरानी सीमा सुरक्षाकर्मियों को जल्द से जल्द खोज निकालने की कार्यवाही को परिणाम तक पहुंचा सकता है। ज्ञात रहे कि अक्तूबर 2018 में दक्षिणपूर्वी ईरान के सीमावर्ती क्षेत्र मीरजावे में आतंकी गुटों ने ईरान के बारह सीमा सुरक्षा कर्मियों का अपहरण कर लिया था जिनमें से सात को मुक्त कराया जा चुका है। (HN)