इस्लामोफ़ोबिया और ईरानोफ़ोबिया को विफल बना दियाः राष्ट्रपति
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि ईरानी जनता ने इस्लामोफ़ोबिया और ईरानोफ़ोबिया के षड्यंत्रों को विफल बना दिया।
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को सेमनान प्रांत में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान की जनता ने हर प्रकार के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दबावों और प्रतिबंधों पर विजय प्राप्त कर ली है। उन्होंने कहा कि बड़ी शक्तियों और ज़ायोनियों की ओर से इस्लामोफ़ोबिया तथा ईरानोफ़ोबिया के प्रयासों को ईरानी राष्ट्र ने पूरी तरह विफल बना दिया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि परमाणु समझौते के परिणाम में ईरान के विरुद्ध, सुरक्षा परिषद की छह और आईएईए के निदेशक मंडल के बारह प्रस्ताव एक के बाद एक इतिहास के कूड़ेदान में डाल दिये गए। रूहानी ने कहा कि ईरान की महान जनता ने परमाणु मैदान में एक महान और एेतिहासिक सफलता अर्जित की और उसने सिद्ध कर दिया है कि ईरानी राष्ट्र किसी शक्ति के सामने सिर झुकाने वाला नहीं है।
डाक्टर हसन रूहानी ने एक बार फिर यह बात बल देकर कही कि प्रतिबंधों की ज़ंजीरे टूट चुकी हैं और आज ईरान के वैश्विक बैंकिंग संपर्क एक के बाद एक बहाल हो रहे हैं। राष्ट्रपति रूहानी का कहना था कि आज ईरान के निर्यात का रास्ता खुल गया है अलबत्ता विदेशी पूंजीनिवेश के विस्तार में समय लग सकता है।
ज्ञात रहे कि राष्ट्रपति रूहानी प्रांतीय दौरे के आरंभ में मंगलवार को सेमनान पहुंचे जहां उन्होंने कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। उनके मंत्रीमंडल के कई मंत्री भी रूहानी के साथ दौरे पर हैं। (AK)