ईरान को दवाएं और चिकित्सा उपकरण न भेजे जाएंः अमरीका
अमरीका ने दक्षिणी कोरिया पर दबाव डाला है कि वह ईरान के लिए दवाएं, चिकित्सा उपकरण और खाद्य पदार्थ निर्यात न करे।
मानवता प्रेम के आधार पर ईरान को दवाएं, चिकित्सा उपकरण और खाद्य पदार्थ भेजने के अमरीकी विरोध के कारण दक्षिणी कोरिया ने इस बारे में अमरीका से वार्ता आरंभ की है। दक्षिणी कोरिया के विदेशमंत्रालय ने बताया है कि सियोल ईरान के लिए मानवता के आधार पर औषधियां, खाद्य पदार्थ और चिकित्सा उपकरण भेजना चाहता है जिसका वाशिग्टन विरोध कर रहा है। दक्षिणी कोरिया के एक अधिकारी ने बताया है कि इस बारे में अमरीका से बात चल रही है।
यून्हाप एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिणी कोरिया के उद्योग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी इस समय अमरीका की यात्रा पर हैं जो इस संबन्ध में अमरीकी अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। इसी बीच ईरान ने दक्षिणी कोरिया से दवाएं, चिकित्सा उपकरण और खाद्य पदार्थों को तेहरान निर्यात करने के बारे में आने वाली बाधाओं से तेहरान में मौजूद दक्षिणी कोरिया के राजदूत को अवगत करवा दिया है। रिपोर्टों में बताया गया है कि अप्रैल 2019 में जब से अमरीका ने ईरान के विरुद्ध प्रतिबंध बढ़ाए हैं तब से दक्षिण कोरिया की कंपनियों को अपना सामान ईरान भेजने में तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।