सीरियाई क़बाएली सरदारों का तेहरान दौरा, वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता
ईरान के संसद सभापति डाक्टर अली लारीजानी ने कहा है कि सीरिया संकट का दौर समाप्त हो चुका है और पुनर्निमाण का चरण शुरु हो गया है।
तेहरान में सीरिया के क़बाईली सरदारों के एक प्रतिनिधि मंडल से बात करते हुए संसद सभापति अली लारीजानी ने सीरिया में नये संविधान के गठन को बहुत ही महत्वपूर्ण क़रार दिया।
उन्होंने कहा कि सीरिया की जनता को किसी की अभिभावकता की आवश्यकता नहीं है, उन्हें हर प्रकार के विदेशी दबावों से दूर रहते हुए नया संविधान बनाने का अवसर दिया जाना चाहिए।
डाक्टर अली लारीजानी ने इदलिब में आतंकवादियों की उपस्थिति की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में आतंकवादियों की उपस्थिति, क्षेत्र की स्थिति पर बहुत ही ख़तरनाक प्रभाव डालेगी इसीलिए इस अभिशाप को शीघ्र ही समाप्त किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कुछ रूढ़ीवादी सरकारों के प्रयासों और आशाओं के विपरीत सीरियाई जनता ने दुश्मन की ख़तरनाक साज़िशों को बुरी तरह विफल बना दिया है जिसका उद्देश्य इस क्षेत्र का विभाजन करना था।
डाक्टर अली लारीजानी ने यह बात बल देकरर कही कि सीरिया के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के बयानों से स्पष्ट हो गया है कि अमरीकियों ने सीरिया के तेल के भंडारों पर अपनी नज़रें गाड़ रखी हैं। (AK)