कड़े प्रतिबंधों के बावजूद ईरान में विकास की प्रक्रिया संतोषजनकः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी का कहना है कि कड़े प्रतिबंधों के बावजूद ईरान में विकास की प्रक्रिया संतोषजनक है।
डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को अर्दबील में बोलते हुए ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों की विफलता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक, औद्योगिक एवं मूलभूत संरचनाओं से संबन्धित दसियों परियोजनाओं का उद्घाटन यह सिद्ध करता है कि अमरीका को ईरान के विरुद्ध प्रतिबंधों में विफलता हाथ लगी है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि अमरीकी प्रतिबंधों के मुक़ाबले में ईरानी राष्ट्र कड़ा प्रतिरोध कर रहा है जो विज्ञान और विकास के क्षेत्रों में तेज़ी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि शत्रुओं को चाहिए कि वे अपनी ग़लत नीतियों को बदलें। हसन रूहानी का कहना है कि जिन्होंने समझौते को तोड़ा है उनको अपनी ग़लती स्वीकार करते हुए पहले बिंदु की ओर वापस आना होगा।
ज्ञात रहे कि कई आर्थिक, औद्योगिक एवं मूलभूत संरचनाओं से संबन्धित कई परियोजनाओं के उद्घाटन के उद्देश्य से राष्ट्रपति रूहानी पश्चिमोत्तरी ईरान के अरदबील प्रांत की यात्रा पर हैं।