परमाणु समझौते के वचनों में कमी, समझौते की परिधि में हैः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i83759-परमाणु_समझौते_के_वचनों_में_कमी_समझौते_की_परिधि_में_हैः_रूहानी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि परमाणु समझौते में वचनों में कमी का ईरान का क़दम, समझौते की परिधि में और इसकी रक्षा करने के लिए रहा है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Feb ०४, २०२० ०३:४४ Asia/Kolkata
  • परमाणु समझौते के वचनों में कमी, समझौते की परिधि में हैः रूहानी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि परमाणु समझौते में वचनों में कमी का ईरान का क़दम, समझौते की परिधि में और इसकी रक्षा करने के लिए रहा है।

उन्होंने सोमवार को यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रभारी जोज़फ़ बोरल से तेहरान में मुलाक़ात में कहा कि ईरान, समस्याओं के समाधान के लिए यूरोपीय संघ के साथ हमेशा सहयोग करने के लिए तैयार है।

राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान और यूरोपीय संघ के संयुक्त सहयोग को बहुत सी क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय समस्याओं के समाधान का मार्ग क़रार दिया और कहा कि ईरान अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी आईएईए की निगरानी पर यथावत प्रतिबद्ध है और यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक नये हालात पैदा नहीं हो जाते।

राष्ट्रपति ने इसी प्रकार पश्चिमी एशियाई क्षेत्रों के देशों के संबंध में अमरीका की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वाशिंग्टन, ईरान, इराक़, लेबनान, यमन, सरिया और अफ़ग़ानिस्तान जैसे क्षेत्रीय देशों के सबंध में अब तक बहुत ग़लतियां कर चुका है।

उनका कहना था कि आतंकवाद अभी तक क्षेत्रीय देशों में पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उनका कहना था कि अमरीका ने क्षेत्र में आतंकवाद से संघर्ष के एक नेता के रूप में आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के कमान्डर जनरल क़ासिम सुलैमानी की हत्या करके आतंकवाद को मज़बूत करने में मदद की है।

इस अवसर पर यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रभारी जोज़फ़ बोरल ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता की स्थापना और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में ईरान की प्रभावी भूमिका की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस संबंध में ईरान के साथ सहयोग विस्तार हमेशा से यूरोपीय संघ के लिए महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने यूरोपीय संघ द्वारा परमाणु समझौते में अपने वचनों पर अमल करने पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि वह परमाणु समझौते की रक्षा के लिए अपने समस्त प्रयास करेंगे। (AK)