इदलिब मुद्दा, ईरान ने त्रिपक्षीय बैठक की दी दावत
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने ईरान, रूस और तुर्की के बीच त्रिपक्षीय बैठक के आयोजन का सुझाव पेश करते हुए कहा कि इदलिब में आतंकवादियों का समूल सफ़ाया और निर्दोष लोगों की जान की रक्षा पर महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी के रूप में ध्यान दिया जाना चाहिए।
राष्ट्रपति रूहानी ने शनिवार को तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान से टेलीफ़ोनी वार्ता में सीरिया मुद्दे के समाधान के लिए ईरान, रूस और तुर्की के बीच विशेष त्रिपक्षीय सहयोग के महत्व की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान आस्ताना प्रक्रिया की परिधि में त्रिपक्षीय वार्ता के अगले चरण की मेज़बानी के लिए तैयार है।
राष्ट्रपति रूहानी ने आस्ताना प्रक्रिया को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि क़रार दिया और कहा कि निश्चित रूप से तनाव क्षेत्र के किसी भी देश के हित में नहीं है और वार्ता द्वारा समस्या का समाधान करना चाहिए और आस्ताना प्रक्रिया को कमज़ोर करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
राष्ट्रपति रूहानी ने समस्त क्षेत्रों में ईरान और तुर्की के द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार पर बल देते हुए आशा व्यक्त की है कि निर्धारित समय पर दोनों देशों के संयुक्त सहयोग के आयोग की बैठक आयोजित हो।
इस टेलीफ़ोनी वार्ता में तुर्क राष्ट्रपति ने सीरिया की स्थिति में ईरान की भूमिका को प्रभावी क़रार दिया और कहा कि राजनैतिक वार्ता ही सीरिया संकट का एकमात्र समाधान है। उन्होंने इस संबंध में ईरान से सहयोग और मदद करने की अपील की। (AK)