सर्वोच्च नेता ने की ईरान में जारी स्क्रीनिंग की सराहना
इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामनेई ने ईरान में आम जनता की हो रही स्क्रीनिंग को महत्वपूर्ण बताया और इसकी सराहना की।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामनेई ने रविवार को इस्लामी गणतंत्र ईरान के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर सईद नमकी के नाम लिए अपने एक पत्र में कहा कि, कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ जारी राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत देश की आम जनती की हो रही स्क्रीनिंग का काम बहुत ही महत्वपूर्ण और सराहनीय काम है।
सर्वोच्च नेता ने अपने पत्र में देश के स्वास्थ्य मंत्रालय और चिकित्सा विभाग से संबंधित सभी कर्मचारियों द्वारा दिन-रात कोरोना वायरस से मुक़ाबले के लिए किए जा रहे प्रयासों का धन्यवाद करते हुए लिखा कि, देश की सशस्त्र सेना और स्वयंसेवी बलों की सेवाओं का उपयोग करने से देश को इस महामारी संकट से बचाने में मदद मिलेगी। इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामनेई ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ जारी अभियान और प्रयासों के सिलसिले को जारी रखने पर बल दिया। उन्होंने इसके साथ ही कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ जारी अभियान में शामिल सभी लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। (RZ)