कोरोना संकट के दृष्टिगत अमरीकी प्रतिबंध हटाए जाएंः यूरोपीय संघ
यूरोपीय संघ ने फिर मांग की है कि ईरान सहित अन्य देशों पर लगे अमरीकी प्रतिबंध हटाए जाएं।
यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रभारी ने कहा है कि कोरोना वायरस से मुक़ाबले के लिए मानवता के आधार पर ईरान के विरुद्ध लगे प्रतिबंधों को हटाया जाना चाहिए।
जौसेप बोरेल ने यूरोपीय संघ के 27 रक्षा मंत्रियों के साथ अनौपचारिक बैठक में कहा कि वर्तमान समय में जब पूरी दुनिया में कोरोना संकट फैला हुआ है, इससे मुक़ाबले के लिए प्रतिबंधों को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि मानवता के आधार पर ईरान, सीरिया, उत्तरी कोरिया, क्यूबा और वेनेज़ोएला पर लगे प्रतिबंध हटाए जाएं।
इसी बीच स्पेट के 60 संगठनों ने भी यह मांग की है कि वर्तमान समय में अमरीकी प्रतिबंधों को हटना चाहिए। स्पेन के 60 राजनैतिक और सामाजिक संगठनों ने संयुक्त राष्ट्रसंघ के मानवाधिकार आयुक्त को पत्र भेजकर ईरान, क्यूबा और वेनेज़ोएला के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों को हटाए जाने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि अमरीकी प्रतिबंध, आवश्यकता रखने वालों तक खाद्ध पदार्थों और दवाओं के पहुंचने में बाधा बने हुए हैं जिसके कारण आम लोगों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञात रहे कि इन सभी मांगों के बावजूद अमरीका ने अपने प्रतिबंधों को हटाने के बारे में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है।