ईरान में तेज़ी से ठीक हो रहे हैं कोरोना के बीमारः जहानपूर
ईरान में कोरोना से संक्रमित लोगों के ठीक होने में तेज़ी आ रही है और अब तक लगभग तीस हज़ार लोग कोरोना से मुक्त हो चुके हैं।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि देश में कोरोना से संक्रमित लोगों के ठीक होने में गति आ रही है और पूरे देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 29,812 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। कियानूश जहानपूर ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान ईरान में 1997 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। उन्होंने बताया कि देश में कोविड-19 से संक्रमितों की कुल संख्या 67286 हो गई है। प्रवक्ता ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान ईरान में 121 लोग कोरोना के कारण अपनी जान से हाथ धो बैठे।
ज्ञात रहे कि कोरोना ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है। पूरी दुनिया कोरोना से जूझ रही है। संसार में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बुधवार को पंद्रह लाख से अधिक हो चुकी है। अब तक इससे विश्व में 82000 लोग मर चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने कोरोना की महामारी को दूसरे विश्व युद्ध के बाद की सबसे बड़ी त्रासदी बताया है। (ED)