आईआरजीसी ने ईरान का पहला सैन्य उपग्रह सफलता से प्रक्षेपित किया
इस्लामी गणतंत्र ईरान का पहला सैन्य उपग्रह आईआरजीसी ने पूरी सफलता के साथ प्रक्षेपित कर दिया।
इस्लामी क्रांति संरक्षक बल आईआरजीसी ने नूर नामक ईरान का यह पहला सैन्य उपग्रह बुधवार की सुबह क़ासिद नामक सैटेलाइट कैरियर के माध्यम से प्रक्षेपति किया जो धरती की कक्षा में 425 किलो मीटर की दूरी पर पहुंच कर स्थापित हो गया है। इस उपग्रह का प्रक्षेपण ईरान के केंद्रीय मरुस्थल दश्ते कवीर से किया गया। इसे ईरान के एयरोस्पेस विभाग की बहुत बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
यह प्रक्षेपण ऐसे समय में किया गया है जब आईआरजीसी अपने गठन की की सालगिरह मना रहा है। इस बल का गठन 22 अप्रैल 1979 को किया गया था। इस अवसर पर इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने एक संदेश में आईआरजीसी के क्रियाकलाप की सराहना की है। वरिष्ठ नेता के सैन्य कार्यालय के प्रमुख जनरल मुहम्मद शीराज़ी ने आईआरजीसी के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी को टेलीफ़ोन करके उन्हें आयतुल्लाहिल उज़मा ख़ामेनेई का संदेश पहुंचाया। वरिष्ठ नेता ने इस्लामी क्रांति संरक्षक बल के उत्तम प्रयासों व क्रियाकलाप के लिए इस बल का आभार भी प्रकट किया है।