अमरीका में क़ैद ईरानी वैज्ञानिक क्या कोरोना से संक्रमित हो गए हैं?
अमरीकी इमीग्रेशन विभाग द्वारा क़ैद कर लिए गए ईरानी वैज्ञानिक के बारे में ख़बरें आ रही हैं कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
डाक्टर सीरूस असकरी को बरी कर दिए जाने के बावजूद अमरीकी इमीग्रेशन विभाग ने क़ैद कर रखा है और अब ब्रितानी अख़बार गार्डियन ने उनके बारे में ख़बर दी है कि वह कोविड-19 से संक्रमित हैं।
अख़बार ने डाक्टर असकरी के परिवार के हवाले से रिपोर्ट दी कि उनके वकील ने कई हफ़्ते पहले अमरीकी प्रशासन से मांग की थी कि डाक्टर असकरी को रिहा किया जाए लेकिन प्रशासन ने उन्हें रिहा नहीं किया और अब वकील को पता चला है कि उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पाज़िटिव है।
वैज्ञानिक ने गार्डियन अख़बार को बताया कि उन्हें तेज़ खांसी आने लगी जिसके बाद परिवार के लोगों ने मांग की कि डाक्टर असकरी को अस्पताल में भर्ती कराया जाए मगर प्रशासन ने यह मांग भी नहीं मानी।
डाक्टर असकरी को जिस जगह रखा गया है उसके बारे में अख़बार का कहना है कि यह जगह उचित नहीं है।
डाक्टर असकरी पर ओहायो युनिवर्सिटी से जानकारियां चुराने का आरोप लगाया गया था मगर वह इन आरोपों से बरी हो चुके हैं लेकिन अमरीकी इमीग्रेशन ने उन्हें रिहा नहीं किया है।