राष्ट्रों पर दबाव को अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग में बदलना चाहिएः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i87005-राष्ट्रों_पर_दबाव_को_अन्तर्राष्ट्रीय_सहयोग_में_बदलना_चाहिएः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने गुट निरपेक्ष आंदोलन के वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक आतंकवाद के परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रों पर दबाव या सैन्य धमकियां समाप्त होनी चाहिए।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
May ०४, २०२० १९:३२ Asia/Kolkata
  • राष्ट्रों पर दबाव को अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग में बदलना चाहिएः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने गुट निरपेक्ष आंदोलन के वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक आतंकवाद के परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रों पर दबाव या सैन्य धमकियां समाप्त होनी चाहिए।

हसन रूहानी का कहना है कि उनके स्थान पर वैश्विक चुनौतियों के मुक़ाबले के लिए द्विपक्षीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति डाक्टर रूहानी ने सोमवार को गुट निरपेक्ष आंदोलन के वर्चुअल सम्मेलन को संबोधित करते हुए सभी देशों से साथ मिलकर कोरोना वायरस का मुक़ाबला करने का आह्वान किया है।  उन्होंने कहा कि अमरीका की मानवता विरोधी कार्यवाहियों के कारण कोरोना वायरस का मुक़ाबला करने में ईरान को चुनौतियों का सामना करना पड़ा।  हसन रूहानी ने कहा कि अमरीका ने एक पक्षीय एवं ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंध लगाकर ईरानी जनता को न केवल यह कि उसके मौलिक अधिकारों तक पहुंचने से वंचित  कर रखा है बल्कि उसका यह काम अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग के मार्ग की भी सबसे बड़ी बाधा है।  उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन को कमज़ोर करने का अर्थ है कोरोना के विरुद्ध किये जा रहे वैश्विक प्रयासों को कमज़ोर करना।  ईरान के राष्ट्रपति ने कहा स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन को उसकी आवश्यकता की राशि से वंचित करना, अमरीकी सरकार की एक अन्य स्ट्रैटेजिक ग़लती है।

राष्ट्रपति रूहानी ने इस वर्चुटल बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस या कोविड-19 के उपचार के लिए वैकसिन के निर्माण में इस्लामी गणतंत्र ईरान हर प्रकार के सहयोग के लिए तैयार है।  इस बैठक में वीडियो कांफ़्रेंसिंग के माध्यम से विश्व के 40 देशों के प्रतिनिधि उपस्थित हुए।  गुट निरपेक्ष आन्दोलन की वर्चुअल बैठक का उद्घाटन, आज़रबाइजान गणराज्य के राष्ट्रपति इल्हाम अलीएफ के भाषण से हुआ।