अगर अमरीकी अपने दावे में सच्चे हैं तो प्रतिबंध हटाएंः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि अगर अमरीका अपने दावे में सच्चा है तो फिर ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाए।
अमरीका की ओर से ईरान की सहायता करने पर आधारित बयान पर राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि अगर अमरीकी वास्तव में सच्चे हैं तो फिर वे ईरान पर लगाए गए ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंध क्यों नहीं हटाते।
हसन रूहानी ने मंगलवार को जापान के प्रधानमंत्री से टेलिफोनी वार्ता की। इस वार्ता में ईरान के राष्ट्रपति ने कोरोना वायरस का मुक़ाबला करने के लिए जापान की ओर से भेजी गई मानवताप्रेमी सहायता पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन विषम परिस्थितियों में जब जापान, मानवताप्रेमी सहायता भेज रहा है, अमरीका की ओर से ईरान के विरुद्ध अमानवीय प्रतिबंध बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका के अत्याचारपूर्ण प्रतिबंधों के कारण ईरान को कोरोना वायरस के लिए चिकित्सा उपकरण की आपूर्ति में समस्याएं आ रही हैं। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि कोरोना से मुक्ति का एकमात्र मार्ग यह है कि सभी देश परस्पर सहयोग करें।
इस टेलिफोनी वार्ता में ईरान के राष्ट्रपति ने क्षेत्र एवं विश्व में तनाव को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अमरीका की हालिया कार्यवाहियां, इराक़ एवं फ़ार्स की खाड़ी में तनाव बढ़ने का कारण बनी हैं।
जापान के प्रधानमंत्री ने इस टेलिफोनी वार्ता में कहा कि विश्व की वर्तमान परिस्थितियों में पश्चिमी एशिया में तनाव, चिंता का विषय है। शेन्ज़ो आबे ने ईरान को क्षेत्र का प्रभावशाली देश बताते हुए कहा कि जापान, ईरान के साथ सहयोग जारी रखेगा।