कोरोना से मुक़ाबले के लिए अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग ज़रूरीः रूहानी
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि कोरोना से उत्पन्न विषम परिस्थितियों में अमरीका, ईरान के विरुद्ध दवाओं के प्रतिबंधों को जारी रखे हुए है।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि कोरोना का मुक़ाबला करने के लिए अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से क़र्ज़ लेने के मार्ग में भी अमरीका बाधाएं डाल रहा है। ईरान के राष्ट्रपति ने यह बात आस्ट्रिया के राष्ट्रपति से कही। डाक्टर हसन रूहानी ने एलेक्ज़ेंडर वेन डेरब्लेन के साथ टेलिफोनी वार्ता में कहा कि इस समय कोरोना से उत्पन्न विषम परिस्थितियों में अमरीका ने ईरान के विरुद्ध दवाओं के प्रतिबंधों को जारी रखा है। उन्होंने कहा कि इन हालात में अन्तर्राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में यूरोपीय संघ को गंभीरता से काम करना चाहिए। हसन रूहानी का कहना है कि कोरोना से मुक़ाबला करने में विश्व के देशों की सहायता और ईरान पर लगे ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों को हटाने के लिए उसे आगे आना चाहिए।
इस टेलिफोनी वार्ता में आस्टिया के राष्ट्रपति ने ईरान के साथ सहकारिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आस्ट्रिया और यूरोपीय संघ दोनो ही ईरान पर लगे अमरीकी प्रतिबंधों के विरोधी हैं। उनका कहना था कि हमारा यह प्रयास रहेगा कि अमरीकी प्रभाव के बिना ईरान और यूरोपीय संघ के संबन्ध अच्छे रहें।