कोरोना के मुक़ाबले में ईरान के प्रयास सराहनीय रहेः रूहानी
कोरोना वायरस के मुक़ाबले में ईरान के मेडिकल स्टाफ और जनता की राष्ट्रपति रूहानी ने प्रशंसा की है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि कोरोना वायरस को नियंत्रित करने में अन्य देशों की तुलना में ईरान के मेडिकल स्टाफ के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने आज इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई की उपस्थिति में कोरोना का मुक़ाबला करने वाली राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के साथ बैठक में यह बात कही।
हसन रुहानी ने कहा कि कोरोना से मुक़ाबले में हमने लोगों की जान और उनकी अर्थव्यवस्था दोनों पर ध्यान केन्द्रित रखा। उन्होंने कहा कि अमरीका सहित अन्य देशों के विपरीत हमने ईरान में पूरी सतर्कता के साथ कोरोना का मुक़ाबला करते समय हर आयाम पर नज़र रखी। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रतिबंधों को देखते हुए यह बहुत बड़ा काम है। हसन रूहानी का कहना था कि अब हम स्वास्थ्य सेवाओं से संबन्धित बहुत से उपकरण निर्यात करने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। ज्ञात रहे कि पिछले कुछ दिनों के दौरान ईरान में कोरोना से प्रभावित होने वालों की संख्या तेज़ी से घटी है। देश के 130 नगरों में स्थिति सामान्य हो चुकी है।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अबतक एक लाख सात हज़ार 603 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं जिनमें से 86 हज़ार ठीक हो चुके हैं। ईरान में कोरोना से अबतक 6 हज़ार 640 लोग मारे गए हैं।