ईरान, कोरोना पर नियंत्रण, 35 की मौत और 93 हज़ार हुए ठीक
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i87430-ईरान_कोरोना_पर_नियंत्रण_35_की_मौत_और_93_हज़ार_हुए_ठीक
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में अब तक कोरोना के लगभग 93 हज़ार मरीज़ों का उपचार करके उन्हें घर भेजा जा चुका है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
May १६, २०२० १२:१६ Asia/Kolkata
  • ईरान, कोरोना पर नियंत्रण, 35 की मौत और 93 हज़ार हुए ठीक

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में अब तक कोरोना के लगभग 93 हज़ार मरीज़ों का उपचार करके उन्हें घर भेजा जा चुका है।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने शनिवार को देश में कोरोना वायरस के ताज़ा आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,757 नए मामले सामने आए हैं जबकि इसी दौरान 35 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस प्रकार देश में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 6,937 हो गई है जबकि कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 1,18,392 तक पहुंच गई है। जहानपूर ने बताया कि इनमें से 93,114 लोगों का सफलता के साथ उपचार करके उन्हें अस्पतालों से घर भेजा जा चुका है। उनका कहना था कि आज 70 दिन के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 40 से कम पर पहुंच गयी जबकि 6 लाख 73 हज़ार लोगों का कोविड-19 टेस्ट हो चुका है।

इस बीच दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या 46 लाख से ज़्यादा हो गई है जबकि अब तक तीन लाख से अधिक लोग मरे चुके हैं। प्राप्त सूचना के अनुसार इस समय दुनिया भर में लगभग 46 लाख 45 हज़ार लोग कोरोना से संक्रमित हैं जबकि तीन लाख 9 हज़ार के क़रीब लोग मर चुके हैं। पूरी दुनिया में साढ़े 17 लाख से ज़्यादा लोगों को इस घातक वायरस से बचाया जा चुका है। अमरीका में चौदह लाख 84 हज़ार से ज़्यादा लोग कोरोना में ग्रस्त हैं जबकि क़रीब साढ़े 88 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीका के बाद स्पेन और रूस संक्रमण की दृष्टि से सबसे आगे हैं जहां क्रमशः लगभग पौने तीन लाख और ढाई लाख से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हैं। स्पेन में अब तक 27 हज़ार 459 लोग कर चुके हैं जबकि रूस में 2,537 लोग कोविड-19 की बलि चढ़ चुके हैं। यह वायरस ब्रिटेन में 33,998 जबकि इटली में 31,610 लोगों की जान ले चुका है। फ़्रान्स में भी लगभग 27,529 लोग कोरना के कारण मर चुके हैं। (AK)