ईरान और तुर्की, ज़मीनी तथा हवाई सीमाएं खुलवाने के पक्ष में
ईरान और तुर्की के राष्ट्रपतियों ने दोनो देशों की ज़मीनी और हवाई सीमाएं खुलवाने पर बल दिया है।
ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयार अर्दोग़ान का कहना है कि स्वास्थ्य नियमों को दृष्टिगत रखते हुए दोनो देशों की हवाई और ज़मीनी सीमाओं को खोला जाए। ईरान और तुर्की के राष्ट्रपतियों ने रविवार को टेलिफोन पर बात की। इस वार्ता में तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोग़ान ने कोरोना वायरस के कारण संसार में पैदा होने वाली आर्थिक समस्याओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन हालात में परस्पर सहयोग बहुत ज़रूरी है। तुर्की के राष्ट्रपति का कहना था कि वर्तमान समय में जो हालात हैं उनके हिसाब से स्वास्थ्य नियमों को ध्यान में रखते हुए तुर्की तथा ईरान की हवाई और ज़मीनी सीमाओं को खोला जाना चाहिए। अर्दोग़ान का कहना था कि इस संबन्ध में कार्यवाही जितनी जल्दी की जाए उतना अच्छा है।
दोनो राष्ट्रपतियों ने ईद के अवसर पर राष्ट्रों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि संयुक्त आर्थिक आयोग का गठन करके आर्थिक गिविधियों को शुरू किया जा सकता है।