अमरीका के सुपर पाॅवर होने की निशानियां ढहती जा रही हैंः आईआरजीसी
आईआरजीसी के कमांडर ने कहा है कि दुनिया के देशों का रवैया बदल रहा है और हर वह प्रतीक, जिसके माध्यम से अमरीका अपने आपको सुपर पाॅवर बताता था और दुनिया के सामने अपना ग़लत चित्र पेश करता था, ढहता जा रहा है।
जनरल हुसैन सलामी ने बुधवार को एक कार्यक्रम में ईरान के दुश्मनों विशेष कर अमरीका के तेज़ पतन की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि अमरीका, अच्छी अच्छी बातों के माध्यम से अपना परिचय कराता था लेकिन अमरीकी समाज की पीड़ादायक वास्तविकताएं, जिन्हें दबा कर रखा गया था, अब सामने आती जा रही हैं। आईआरजीसी के कमांडर ने कहा कि अमरीकी अपने आपको आज़ादी और मानवाधिकार का केंद्र बताया करते थे लेकिन अब उनकी हक़ीक़त सामने आ गई है और उनके सभी दावे खोखले सिद्ध हो रहे हैं।
जनरल हुसैन सलामी ने इसी तरह फ़ार्स की खाड़ी से लेकर वेनेज़ुएला तक मुक्त समुद्री क्षेत्रों में ईरान के समुद्री जहाज़ों की यात्रा को, ईरान के संकल्प व शक्ति का प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि आज ईरानी राष्ट्र पूरी शक्ति व सम्मान के साथ समस्याओं को दूर करता जा रहा है। याद रहे कि ईरान ने हाल ही में अमरीका के ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों की परवाह न करते हुए वेनेज़ुएला की जनता के लिए पेट्रोल वाहक पांच समुद्री जहाज़ भेजे थे। इन जहाज़ों के वेनेज़ुएला पहुंचने से पहले अमरीका ने धमकी दी थी कि इन तेल टैंकरों को वेनेज़ुएला के तट तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा। (HN)