स्वदेशी लड़ाकू विमान, ईरानी सेना के हवाले, प्रतिबंधों का उलटा नतीजा निकला
ईरान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि स्वदेशी लड़ाकू विमान, वायु सेना के हवाले किए जाने का संदेश दुश्मनों विशेष कर अमरीका के लिए यह है कि प्रतिबंधों का उलटा नतीजा निकला है।
कौसर कैटगरी के तीन युद्धक विमान गुरुवार को रक्षा मंत्री जनरल अमीर हातमी की उपस्थिति में वायु सेना के हवाले किए गए। ये विमान ईरान के रक्षा विशेषज्ञों ने तैयार किए हैं। इस अवसर पर जनरल हातमी ने कहा कि हम पर चालीस साल पहले प्रतिबंध लगाया गया था ताकि हम उस समय मौजूद रक्षा उपकरणों को इस्तेमाल न कर सकें लेकिन आज ये सभी उपकरण ईरान में तैयार और इस्तेमाल हो रहे हैं।
उन्होंने इस बात की तरफ़ इशारा करते हुए कि अमरीकी ईरान पर लगे हुए हथियारों के प्रतिबंधों की समय सीमा बढ़ाने की कोशिश में हैं, कहा कि इसका पूरी दुनिया और स्वतंत्र लोगों के लिए एक अहम संदेश है और वह यह कि अगर वे प्रतिरोध करें और डटे रहें तो उन्हें ज़रूर कामयाबी मिलेगी। ईरान के रक्षा मंत्री ने बल देकर कहा कि दुश्मनों और अमरीकियों को जान लेना चाहिए कि ईरान, विकास, प्रगति और निर्यात के अपने मार्ग पर चलता रहेगा।
इस बीच आईआरजीसी की थल सेना के कमांडर ने कहा है कि देश की सुरक्षा के विषय में हमें किसी से कोई संकोच नहीं है और पूरे क्षेत्र को आतंकियों को ख़त्म करने की हमारी कोशिश पूरी ताक़त से जारी रहेगी। जनरल मुहम्मद पाकपूर ने एक सैन्य अभ्यास आरंभ होने के अवसर पर कहा कि अगर आतंकियों की ओर से छोटी से छोटी कार्यवाही भी की गई तो उसका अत्यंत कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर आतंकियों ने ईरान की सुरक्षा के ख़िलाफ़ कुछ भी किया तो हम उनके ठिकानों को निशाना बनाएंगे। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!