अमरीका से हर्जाना लेंगेः मुहम्मद जवाद ज़रीफ़
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i9028-अमरीका_से_हर्जाना_लेंगेः_मुहम्मद_जवाद_ज़रीफ़
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने घोषणा की है कि अपनी संपत्तियों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी पर ईरान, अमरीकी सरकार के विरुद्ध मुक़द्दमा दर्ज करेगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २५, २०१६ १३:४८ Asia/Kolkata
  • अमरीका से हर्जाना लेंगेः मुहम्मद जवाद ज़रीफ़

ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने घोषणा की है कि अपनी संपत्तियों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी पर ईरान, अमरीकी सरकार के विरुद्ध मुक़द्दमा दर्ज करेगा।

विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार को मेसीडोनिया के विदेशमंत्री निकोला पोपोस्की के साथ संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में कहा है कि ईरान, अमरीका में मौजूद अपनी संपत्ति की रक्षा का ज़िम्मेदार अमरीका को समझता है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान की संपत्तियों में गड़बड़ी की गई तो अमरीकी सरकार के विरुद्ध हर्जाने का दावा दायर किया जाएगा।

उन्होंने ईरान की संपत्ति में से दो अरब डाॅलर ज़ब्त करने के अमरीकी सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बारे में अपने अमरीकी समकक्ष जाॅन कैरी के साथ हुई वार्ता की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि अमरीकी अदालतों की ओर से अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों के उल्लंघन की सूची बहुत लंबी है।

विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ग्यारह सितंबर के हमलों में ईरान के लिप्त होने पर आधारित एक अमरीकी अदालत के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस से सिद्ध होता है कि अमरीकी अदालतें किसी सीमा तक राजनीति से प्रभावित रहती हैं और उनके दावे और फ़ैसले, क़ानूनी आधारों पर नहीं होते।

उन्होंने मेसीडोनिया के विदेशमंत्री के ईरान के दौरे के बारे में कहा कि आशा है कि इस दौरे से ईरान और मेसीडोनिया के मध्य संबंधों का नया अध्याय आरंभ होगा।

मेसीडोनिया के विदेशमंत्री ने भी इस प्रेस कांफ़्रेंस में मध्यपूर्व के पलायनकर्ताओं के मुद्दे तथा इस संबंध में यूरोपीय संघ की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यपूर्व और दूसरे क्षेत्रों में पाये जाने वाले संंकंटों का सैन्य हल नहीं है। (AK)