ईरान के ख़िलाफ़ वाइट हाउस की साज़िशें नाकाम हो चुकी हैंः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि ईरानी राष्ट्र व सरकार को झुकाने की अमरीका की सभी चालें और साज़िशें सौ प्रतिशत नाकाम हो चुकी हैं।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने गुरुवार को ऊर्जा मंत्रालय की तीन राष्ट्रीय परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह में कहा कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन वह भी ईरान के ख़िलाफ़ सबसे कड़े प्रतिबंधों के दौरान, देश के अधिकारियों के प्रतिरोध व प्रयासों और जनता द्वारा उनका साथ दिए जाने का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ईरानी राष्ट्र कभी भी अमरीका के सामने नहीं झुकेगा और दुश्मनों की साज़िशें, देश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने से नहीं रोक सकी हैं।
राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ट्रिगर मेकेनिज़म को सक्रिय करने की योजना का संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के 14 में से 13 सदस्यों ने विरोध किया है, कहा कि इस प्रकार की हार, अमरीका के राजनैतिक इतिहास में बेजोड़ है और अमरीका को यह हार, ईरानी राष्ट्र के प्रतिरोध के कारण उठानी पड़ी है। उन्होंने इसी तरह ईरान में कोरोना के बारे में कहा कि अमरीका के ईरान विरोधी प्रतिबंधों के चलते पड़ने वाले दबाव के बावजूद, ईरानी जनता ने मेडिकल गाइड लाइंस का पालन करके ख़तरनाक कोरोना वायरस के मुक़ाबले में अच्छा प्रतिरोध किया है। राष्ट्रपति ने अरदबील, किरमानशाह व पूर्वी आज़रबाइजान प्रांतों में ऊर्जा मंत्रालय की इन तीन परियोजनाओं का वीडियो लिंक के माध्यम से उद्घाटन किया। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए