ईरान में फिर तेज़ी से फैल रहा है कोरोना, 211 की मौत
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने ईरान में कोरोना संक्रमण के ३ हज़ार से अधिक नये मामलों और गत 24 घंटों में 211 बीमारों की मौत की सूचना दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने गुरुवार को ईरान में कोरोना के ताज़ा आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि गत 24 घंटों के दौरान 3 हज़ार 825 नये मरीज़ों की पहचान की गयी है जिनमें से 1 हज़ार 925 मरीज़ अस्पताल में भर्ती हुए जबकि बाक़ी को आरंभिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सीमा सादात लारी ने बताया कि ईरान में कोविड-19 के कुल बीमारों की संख्या 4 लाख 61 हज़ार 44 तक पहुंच गयी है और पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 211 मरीज़ों की मृत्यु हो गयी जिसके बाद इस बीमारी से ईरान में मरने वालों की कुल संख्या, 26 हज़ार 380 तक पहुंच गयी।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता के अनुसार अब तक 3 लाख 83 हज़ार 368 रोगी कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं ।
पूरी दुनिया में भी कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 3 करोड़ 40 लाख से अधिक हो चुकी है जिनमें से कम से कम 10 लाख लोगों की मृत्यु हो गयी है और 2 करोड़ 50 लाख से अधिक मरीज़ स्वस्थ हो गये हैं।
अमरीका में 70 लाख से अधिक कोरोना के मरीज़ों का पता चला है जबकि 2 लाख 11 हज़ार रोगियों की मृत्यू हो चुकी है जिसकी वजह से कोरोना ग्रस्त देशों की सूचि में अमरीका का नाम सब से ऊपर है। Q.A