कोरोना से ईरान में एक दिन में 296 लोगों की मौत
पिछले 24 घण्टों के दौरान ईरान में कोविड-19 से संक्रमित हो चुके 296 लोग अपनी जान गंवा बैठे।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने रविवार 25 अक्तूबर को बताया कि पिछले चौबीस घण्टों के दौरान ईरान में 6 हज़ार 191 लोग कोविड-19 से संक्रमित हुए। सीमा सादात लारी ने बताया कि इनमें से 2 हज़ार 14 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उनका कहना था कि बाक़ी 4 हज़ार से अधिक लोगों का इलाज करके उन्हें वापस भेज दिया गया। सीमा सादात का कहना था कि इस दौरान देश में 296 लोग कोरोना के कारण काल के गाल में समा गए।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी के अनुसार ईरान में अबतक 4 लाख 55 हज़ार 54 लोग कोरोना से मुक्ति पा चुके हैं। उन्होंने बताया कि देश में कोरोना के कारण अबतक 32 हज़ार 616 लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे हैं।
इस समय संसार में कोरोना से संक्रमितों की संख्या चार करोड़ तीन लाख से अधिक है जिनमें से ग्यारह लाख पचपन हज़ार लोगों की जान जा चुकी है।