ईरान में फिर कोरोना का रिकाॅर्ड टूटा, 434 मरे, लगभग 8000 संक्रमित
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने बताया है कि ईरान में पिछले 24 घंटों में लगभग 8000 लोग कोरोना से संक्रमित हुए जबकि 434 लोगों की मौत हो गई।
डाॅक्टर सीमा सादात लारी ने रविवार देश में कोरोना के ताज़ा आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 7,719 नए मामले सामने आए जिनमें से 2,389 को अस्पतालों में भर्ती कराया गया जबकि बाक़ी अन्य को आवश्यक निर्देशों के साथ होम आइसोलेशन में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि अब ईरान में कोरोना के कुल मरीज़ों की संख्या 6 लाख 20 हज़ार 494 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 24 घंटों में ईरान में 434 लोगों की कोरोना के घातक वायरस से संक्रमण की वजह से मौत हो गई जो अब तक का रिकाॅर्ड है। डाॅक्टर सीमा सादात लारी ने बताया कि अब देश में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 35,298 हो गई है। उन्होंने बताया कि अब तक देश में चार लाख 86 हज़ार 691 लोग कोरोना से मुक्त हो चुके हैं। इस बीच पूरी दुनिया में कोरोना के मरीज़ों की संख्या चार करोड़ 60 लाख तक पहुंच चुकी है जिनमें से 12 लाख से ज़्यादा की मौत हो चुकी है जबकि तीन करोड़ 30 लाख लोग कोरोना को हरा चुके हैं। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए