वार्ता द्वारा बहुत बड़ी रुकावट हटा दी गयी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i9844-वार्ता_द्वारा_बहुत_बड़ी_रुकावट_हटा_दी_गयी
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि कूटनयिक प्रयासों से ईरानी राष्ट्र के सामने से एक बड़ी रुकावट हटा दी गई है और संयुक्त समग्र कार्य योजना ने राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०१, २०१६ १०:५६ Asia/Kolkata
  • वार्ता द्वारा बहुत बड़ी रुकावट हटा दी गयी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि कूटनयिक प्रयासों से ईरानी राष्ट्र के सामने से एक बड़ी रुकावट हटा दी गई है और संयुक्त समग्र कार्य योजना ने राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।

राष्ट्रपति रूहानी ने रविवार को तेहरान में श्रम दिवस के अवसर पर होने वाले एक समारोह में कहा कि संयुक्त व्यापक कार्य योजना, समस्त जनता द्वारा और वरिष्ठ नेता के मार्गदर्शन की छत्रछाया में प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि संयुक्त समग्र कार्य योजना अर्थात जेसीपीओए के क्रियान्वयन से तेल और गैस के उद्योग के निर्यात की क्षमता बारह लाख बैरल प्रतिदिन से बढ़कर तेईस लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गयी है और पैसों के आदान प्रदान की प्रक्रिया आरंभ हो गई है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात पर बल दिया कि आज संयुक्त समग्र कार्य योजना की छत्रछाया में समुद्री जहाज़ ईरान की बंदरगाहों पर रुकेंगे और बड़े-बड़े समुद्री जहाज़ों के देशों में लंगर डालने और वहां से वस्तुओं को नौकाओं के माध्यम से ईरान तक पहुंचाने और हर कन्टेनर के बदले सात सौ डाॅलर जनता की जेब से अदा किये जाने जैसी प्रक्रिया समाप्त हो गई है।

उन्होंने कहा कि अब विदेशी पूंजीनिवेश के लिए रास्ता खुल गया है और पैदावार तथा काम, पूंजीनिवेश और तकनीक के बिना संभव नहीं है। राष्ट्रपति ने कहा कि वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित अर्थ व्यवस्था के बिना "मपना" जैसी गौरवपूर्ण कंपनी अस्तित्व में नहीं आ सकती।

राष्ट्रपति रूहानी ने इसी प्रकार आत्म निर्भरता के क्षेत्र में मपना कंपनी के विकास को गौरव का कारण बताया। उन्होंने कहा कि मपना कंपनी, ज़ीमेंस जैसी कंपनियों का वैश्विक स्तर पर मुक़ाबला कर रही है। उन्होंने मज़दूर दिवस के अवसर पर तेहरान में मपना इन्डस्ट्रियल कंपनी की इमारत का दौरा किया जहां कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी की गतिविधियों और ताज़ा उपलब्धियों से अवगत कराया। ज्ञात रहे कि इस्लामी गणतंत्र ईरान सहित पूरी दुनिया में पहली मई को मज़दूर दिवस मानाया जाता है। (AK)