दो ईरानी पायलट शहाीद, आरंभिक सूचनाएं आईं सामने
दक्षिण पश्चिमी ईरान के ख़ूज़िस्तान प्रांत के देज़फ़ुल ज़िले के प्रशासनिक अधिकारी ने इस ज़िले की हवाई छावनी के दो पायलटों की शहादत के मामले का आरंभिक ब्योरा दिया है।
अली फ़रहमंदपूर ने बताया कि मंगलवार को हवाई छावनी के सैन्य क्षेत्र में होने वाली एक दुर्घटना के कारण दो पायलट शहीद हो गए। उन्होंने बताया कि जहां पर यह दुर्घटना हुई उस इलाक़े को सेना ने क्वारंटीन कर रखा था और इस समय कुछ टीमें दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।
फ़रहमंदपूर ने बताया कि इस दुर्घटना में हवाई छावनी के विमानों को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है। देज़फ़ुल ज़िले के प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि विभिन्न आयामों से दुर्घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही इस संबंध में अधिक ब्योरा पेश किया जाएगा।
इससे पहले कुछ ग़ैर सरकारी सूत्रों ने बताया था कि देज़फ़ुल की सैन्य छावनी में मंगलवार को एक एफ़-5 सैन्य विमान में उड़ान से पहले तकनीकी ख़राबी आ गई जिसके चलते हुई दुर्घटना में दो पायलट शहीद हो गए। (HN)