पश्चिमी इराक़ में दसियों आतंकी ढेर
इराक़ में सेना की कार्यवाही में दर्जनों तकफ़ीरी आतंकी मारे गए।
अलमयादीन टीवी चैनल के अनुसार, मंगलवार की शाम पश्चिमी इराक़ के फ़ल्लूजा शहर के उत्तरी इलाक़े बीजी में, इराक़ी सैनिकों ने कार्यवाही करके दाइश के आतंकी हमलों को नाकाम बनाया। इस कार्यवाही में 60 आतंकी मारे गए।
इराक़ के दियाला प्रांत की सुरक्षा कमेटी के अध्यक्ष सादिक़ अलहुसैनी ने बताया कि पुलिस ने बाक़ूबा के 78 किलोमीटर उत्तर में स्थित जलायला गांव के निकट एक आतंकवादी गुट को ख़त्म कर दिया जो इराक़ के विभिन्न क्षेत्रों में बम धमाके में लिप्त था। इस कार्यवाही के दौरान इस गुट के क़ब्ज़े से बड़ी मात्रा में हथियार व गोला बारुद बरामद हुए।
इसी प्रकार इराक़ी और घटक सेना के युद्धक विमानों ने रमादी शहर के उत्तर में दाइश के ठिकानों पर कार्यवाही की जिसमें दाइश के बीस आतंकी मारे गए जिसमें एक सरग़ना भी था।
इराक़ी सैनिकों ने इसी परकार फ़ल्लूजा में कई इलाक़ों और हीत-बग़दाद मार्ग के दसियों किलोमीटर भाग को आज़ाद कराया।
इस बीच पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने उत्तरी मूसिल के तलसक़्फ़ क्षेत्र को फिर से अपने नियंत्रण मे ले लिया। इस कार्यवाही में भी दाइश के दसियों आतंकी मारे गए।
पिछले कुछ महीनों के दौरान इराक़ी सेना ने देश के उत्तरी व पश्चिमी भाग में कई क्षेत्रों से दाइश का सफ़ाया कर दिया है। (MAQ/N)