सुरक्षा नियम टूटने पर विशेष बल के कमान्डर हटाए गए
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i10420-सुरक्षा_नियम_टूटने_पर_विशेष_बल_के_कमान्डर_हटाए_गए
इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने सरकार विरोधी सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के अतिसुरक्षित क्षेत्र में दाख़िल होने पर बग़दाद के ग्रीन ज़ोन इलाक़े के विशेष बल के कमान्डर को पद से हटा दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०५, २०१६ ०८:२८ Asia/Kolkata
  • 30 अप्रैल 2016 को बग़दाद के ग्रीन ज़ोन में संसद की इमारत के चारों ओर बनी कंक्रीट की दीवार पर चढ़ते हुए प्रदर्शनकारी
    30 अप्रैल 2016 को बग़दाद के ग्रीन ज़ोन में संसद की इमारत के चारों ओर बनी कंक्रीट की दीवार पर चढ़ते हुए प्रदर्शनकारी

इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने सरकार विरोधी सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के अतिसुरक्षित क्षेत्र में दाख़िल होने पर बग़दाद के ग्रीन ज़ोन इलाक़े के विशेष बल के कमान्डर को पद से हटा दिया है।

इराक़ की संयुक्त ऑप्रेशन कमान की ओर से बुधवार देर रात जारी हुए बयान में आया है कि एबादी ने स्टाफ़ लेफ़्टिनंट जनरल मोहम्मद रिज़ा को हटाने और उनके स्थान पर जनरल करीम अबूद अत्तमीमी की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।  

शनिवार को सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी आम लोगों के लिए वर्जित ग्रीन क्षेत्र में दाख़िल हो गए जहां इराक़ की मुख्य संस्थाओं के कार्यालय अलावा अनेक दूतावास की इमारते हैं। इसी प्रकार प्रदर्शनकारी संसद की इमारत में घुस गए।

इराक़ सरकार में भ्रष्टाचार व भाई-भतीजेवाद के आरोपों के बीच, सरकारी तंत्र में सुधार इन प्रदर्शनकारियों की मांग थी। इन प्रदर्शनकारियों में ज़्यादातर मशहूर धर्मगुरु मुक़्तदा सद्र के समर्थक थे।

ये प्रदर्शनकारी शनिवार रात संसद की इमारत से बाहर निकले जबकि ग्रीन ज़ोन से रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से निकल गए।

प्रदर्शनकारियों ने राजनैतिक सुधार की मांग को लेकर इस हफ़्ते के अंत तक फिर लौटने की धमकी दी है।

समझा जाता है कि शुक्रवार को प्रदर्शनकारी रैली निकालेंगे।

मुक़्तदा सद्र के समर्थक, 30 अप्रैल 2016 को बग़दाद के ग्रीन ज़ोन में ज़बरदस्ती दाख़िल होने के बाद

दूसरी ओर इराक़ी प्रधान मंत्री द्वारा नए सुरक्षा प्रमुख की नियुक्ति इस बात का संकेत हो सकती है कि अगर प्रदर्शनकारियों ने ग्रीन ज़ोन में फिर से दाख़िल होने की कोशिश की तो सुरक्षा बल उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्यवाही करेंगे।

ज्ञात रहे इराक़ में पिछले कई हफ़्तों से हैदर एबादी की नए मंत्रीमंडल के गठन की कोशिश पर राजनैतिक राजनैतिक खलबली मची हुयी है। (MAQ/N)