हलब, सीरिया का स्टेलिनग्राड हैः बश्शार असद
सीरिया के राष्ट्रपति ने नाज़ी जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय की वर्षगांठ के अवसर पर रूस के राष्ट्रपति को बधाई संदेश भेजा है।
बश्शार असद ने विलामदिमीर पुतीन के नाम अपने बधाई संदेश में पश्चिमोत्तरी सीरिया के हलब शहर में जारी अशांति की ओर संकेत करते हुए लिखा है कि हलब शहर की इस समय की स्थिति, नाज़ियों के हमले के समय रूस के स्टेलिनग्राड नगर की दुखद स्थिति की तरह है। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने गुरुवार को रिपोर्ट दी है कि सीरियाई राष्ट्रपति ने अपने बधाई संदेश में रूस के राष्ट्रपति, सरकार और जनता को सीरिया की सरकार व जनता की ओर से नाज़ी जर्मनी पर रूस की विजय की वर्षगांठ की बधाई दी है और कहा है कि रूसी जनता ने नाज़ियों पर विजय के लिए भारी क़ीमत चुकाई लेकिन इतिहास में एक प्रतिरोधक राष्ट्र के रूप में अपना नाम अमर कर लिया और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई।
सीरिया के राष्ट्रपति ने इस बधाई संदेश के एक अन्य भाग में आतंकी गुटों से संघर्ष में सीरियाई राष्ट्र का समर्थन करने के कारण रूस की सरकार का आभार प्रकट किया है और कहा है कि रूस के समर्थन ने एक बार यह बात सिद्ध कर दी कि रूसी राष्ट्र ने हमेशा उन राष्ट्रों का समर्थन किया है जो अत्याचार, अतिक्रमण और मानवाधिकार के हनन का शिकार बन रहे हैं। बश्शार असद ने कहा है कि सीरिया के शहरों विशेष कर हलब को आज उन्हीं समस्याओं का सामना है जिनका सामना स्टेलिनग्राड ने बड़े साहस के साथ किया था। उन्होंने कहा है कि शत्रुओं और हमलावरों की ताक़त व घमंड, सीरियाई राष्ट्र और सेना को नहीं झुका सकेगा और सीरिया की वीर सेना अपने बलिदानी राष्ट्र की मदद से अंतिम विजय प्राप्त करेगी और मानवता के शत्रुओं को अपनी धरती से खदेड़ कर रहेगी। (HN)