वरिष्ठ नेता के सलाहकार की बश्शार असद से मुलाक़ात
अंतर्राष्ट्रीय मामलों में वरिष्ठ नेता के सलाहकार ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान पूरी क्षमता से क्षेत्र में आतंकियों का मुक़ाबला करेगा।
अली अकबर विलायती ने शनिवार को दमिश्क़ में सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात में कहा कि सीरियाई राष्ट्र व सरकार की दृढ़ता व प्रतिरोध से आतंकी पीछे हटने पर मजबूर हुए जो दमिश्क़ तक पहुंच चुके थे।
उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान हर प्रकार के आतंकवादी गुटों का मुक़ाबला करेगा चाहे वे किसी भी रुझान के हों या मध्यमार्ग व अतिवाद जैसे हास्यास्पद वर्गीकरण से उनका संबंध हो।
आयतुल्लाहिल उज़्मा सय्यद अली ख़ामेनई के सलाहकार ने कहा कि आतंकियों से जंग न सिर्फ़ क्षेत्र बल्कि विश्व शांति व सरक्षा के लिए ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिरोध विश्व शांति व सुरक्षा के लिए डटा हुआ है।
राष्ट्रपति बश्शार असद ने सीरियाई राष्ट्र व सरकार को ईरान की ओर से समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने अब तक क्षेत्र में तकफ़ीरी व चरमपंथी विचारधाराओं और आतंकियों से निपटने के लिए पूरे संसाधनों का इस्तेमाल किया है।
वरिष्ठ नेता के सलाहकार अली अकबर विलायती लेबनान में विश्व अहलेबैत उच्च परिषद की बैठक और प्रतिरोध के समर्थक धर्मगुरुओं की परामर्श बैठक में भाग लेने के बाद शुक्रवार की रात दमिशक़ पहुंचे। (MAQ/N)