दाइश ने 5 लोगों को ज़िंदा जलाया
आतंकी गुट दाइश ने अपने ताज़ा अमानवीय अपराध में एक ही परिवार के पांच सदस्यों को लोगों की आंखों के सामने ज़िंदा जला दिया।
करकूक के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि अपने आदेशों की अवहेलना के आरोप में तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश ने मंगलवार को एक ही परिवार के पांच लोगों को सबके सामने ज़िंदा जला दिया। ज़िंदा जलाए जाने वालों में तीन बच्चे भी थे। इन पांचों लोगों को करकूक के निकट रियाज़ नामक क्षेत्र में लोगों की आंखों के सामने ज़िंदा जला दिया गया।
इराक़ के अलहदस टीवी ने भी दाइश के आतंकियों द्वारा बच्चों को विस्फोटक कार्यवाहियों के लिए प्रयोग किए जाने की ओर संकेत करते हुए कहा है कि आतंकी, सोलह साल से कम उम्र के बच्चों का ब्रेन वाॅश करने के बाद उन्हें ज़बरदस्ती सैन्य प्रशिक्षण देते हैं और अपना सदस्य बना लेते हैं। दाइश गुट बच्चों को अपना सदस्य बनाकर उनके कुछ परिवारों को पैसे भी देता है।
यह भी पढ़ें: दाइश ने अपने 45 सदस्यों को ज़िंदा दफ़्न किया
अमरीकी पत्रिका न्यूज़ वीक ने लिखा है कि सीरिया के रक़्क़ा क्षेत्र में दाइश के नियंत्रण वाले स्कूलों में विज्ञान, गणित व कला की शिक्षा देने के बजाए उन्हें केवल मानसिक रूप से हिंसा व युद्ध के लिए तैयार किया जाता है। इन स्कूलों में बच्चों को विभिन्न प्रकार के हथियार चलाना भी सिखाया जाता है। (HN)