अंसारुल्लाह ने सऊदी अरब को दी तीन दिन की मोहलत
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i110912-अंसारुल्लाह_ने_सऊदी_अरब_को_दी_तीन_दिन_की_मोहलत
यमन के प्रभावशाली अंसारुल्लाह आंदोलन ने जिसे हूती विद्रोही संगठन भी कहा जाता है, एलान किया है कि वह तीन दिन के लिए सऊदी अरब पर अपने हमले स्थगित कर रहा है ताकि संघर्ष विराम पर बात की जा सके मगर इस बीच सऊदी अरब ने यमन की राजधानी सनआ में कई स्थानों पर हमले किए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar २७, २०२२ ११:०९ Asia/Kolkata
  • अंसारुल्लाह ने सऊदी अरब को दी तीन दिन की मोहलत

यमन के प्रभावशाली अंसारुल्लाह आंदोलन ने जिसे हूती विद्रोही संगठन भी कहा जाता है, एलान किया है कि वह तीन दिन के लिए सऊदी अरब पर अपने हमले स्थगित कर रहा है ताकि संघर्ष विराम पर बात की जा सके मगर इस बीच सऊदी अरब ने यमन की राजधानी सनआ में कई स्थानों पर हमले किए हैं।

शनिवार को अंसारुल्लाह आंदोलन ने एलान किया कि उसने तीन दिन के लिए सऊदी अरब के ख़िलाफ़ मिसाइलों और ड्रोन विमानों के हमले रोक दिए हैं। संगठन का कहना है कि अगर सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने इस पेशकश को स्वीकार करते हुए यमन पर हमले बंद कर दिए, यमन की बंदरगाहों की नाकाबंदी समाप्त कर दी और सनआ एयरपोर्ट पर हमले रोक दिए तो यह संघर्ष विराम स्थायी हो जाएगा।

अंसारुल्लाह आंदोलन की राजनैतिक परिषद के प्रमुख महदी मुश्शात ने शनिवार को एलान किया कि हम यमन के भीतर मारिब और अन्य इलाक़ों में सऊदी अरब के घटकों के ख़िलाफ़ ज़मीनी कार्यवाही भी रोक रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम एकपक्षीय तौर पर सऊदी अरब पर ज़मीन, हवा और जल से अपने हमलों को रोक रहे हैं। महदी मुश्शात ने कहा कि हम सारे युद्ध बंदियों को रिहा करने के लिए भी तैयार हैं इसके जवाब में सऊदी गठबंधन हमारे लोगों को रिहा करे जिन्हें उसने क़ैदी बना रखा है।

महदी मुश्शात ने कहा कि अगर सऊदी अरब युद्ध विराम चाहता है तो हम इसी एलान को स्थायी रणनीति में बदल देंगे।

सऊदी अरब के एक अधिकारी ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें अंसारुल्लाह के प्रस्ताव के बारे में सूचना मिली है मगर हम चाहते हैं कि यह प्रस्ताव औपचारिक चैनल से हमारे पास पहुंचे उसके बाद हम इस बारे में फ़ैसला करेंगे। सऊदी अधिकारी का कहना था कि ओमान की सरकार सऊदी अरब और यमन के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रही है और उसी के माध्यम से संदेशों का आदान प्रदान होता रहा है।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए