जेनिन में इस्राईली सेना के हमले में तीन फ़िलिस्तीनी शहीद
इस्राईली सुरक्षा एजेंसी शाबाक ने वेस्ट बैंक के शहर जेनिन में तीन फ़िलिस्तीनियों की हत्या कर दिए जाने की सूचना दी है।
सुरक्षा एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि घटना जेनिन शहर के बाहर हुई है। इस्राईली अधिकारियों का दावा है कि तीनों फ़िलिस्तीनियों ने इस्राईली फ़ोर्सेज़ पर उस समय फ़ायरिंग कर दी जब उन्हें गिरफ़तार करने की कोशिश की जा रही थी। इसके बाद इस्राईली सैनिकों ने फ़ायरिंग करके तीनों फ़िलिस्तीनी युवाओं को शहीद कर दिया।
इस बयान में यह दावा भी किया गया है कि तीनों फ़िलिस्तीनी युवाओं ने तूलकर्म के इलाक़े में फ़ायरिंग की थी और जल्द ही कुछ और भी हमले करने की योजना बना रहे थे।
अब तक तीनों फ़िलिस्तीनियों की पहचान ज़ाहिर नहीं की गई है।
वहीं दूसरी ओर फ़िलिस्तीनी टीवी चैनल ने कहा है कि इस्राईली सैनिकों के हमले में तीन फ़िलिस्तीनी शहीद हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस्राईली सैनिकों ने एक गाड़ी पर अंधाधुंध फ़ायरिंग की जिस पर तीनों फ़िलिस्तीनी सवार थे जिसके नतीजे में में तीनों फ़िलिस्तीनी युवा शहीद हो गए। इस्राईली सैनिक तीनों फ़िलिस्तीनियों की लाशें अपने साथ ले गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस्राईल की बर्बरता के जवाब में हालिया दिनों फ़िलिस्तीनी युवाओं ने कई बड़े हमले किए हैं। यह हमले वेस्ट बैंक के इलाक़े में रहने वाले फ़िलिस्तीनियों ने किए हैं जो इस्राईल के लिए ख़तरे की घंटी है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए