यमन में संघर्ष विराम का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वागत
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i111180-यमन_में_संघर्ष_विराम_का_अंतर्राष्ट्रीय_स्तर_पर_स्वागत
यमन में लागू होने वाले संघर्ष विराम का चौतरफ़ा स्वागत किया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ०३, २०२२ ०४:४८ Asia/Kolkata
  • यमन में संघर्ष विराम का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वागत

यमन में लागू होने वाले संघर्ष विराम का चौतरफ़ा स्वागत किया गया है।

यह संघर्ष विराम शनिवार शाम सात बजे से लागू हो गया है। संघर्ष विराम दो महीने का है लेकिन इसकी समय सीमा में विस्तार की गुंजाइश है।

यमन के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत हांस ग्रोंडबर्ग के कार्यालय ने शनिवार को कहा कि संघर्ष विराम लागू हो जाने के बाद ज़मीनी, हवाई और समुद्री हर तरह के हमले रुक जाएंगे।

ग्रोंडबर्ग का कहना है कि अगर सारे पक्षों ने इसका सम्मान किया तो यह कोशिश कामयाब होगी और इसके साथ ही मानवता प्रेमी सहायताओं का सिलसिला भी शुरू होगा।

मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि यमन के मोर्चों पर शांति का माहौल दिखाई दे रहा है, न कहीं किसी झड़प की कोई ख़बर है न ही कोई हवाई हमला हुआ है।

हालिया दिनों के दौरान संघर्ष विराम की कोशिशें तेज़ हो गई थीं। ग्रोंडबर्ग ने गुरुवार को ओमान में अंसारुल्लाह आंदोलन के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात की वहीं उन्होंने रियाज़ में सऊदी अधिकारियों और सऊदी अरब द्वारा समर्थित यमनी नेताओं से भी मुलाक़ातें कीं।

अंसारुल्लाह आंदोलन ने सऊदी अरब के भीतर 16 ठिकानों पर बड़े हमले करने के बाद एलान कर दिया था कि वे तीन दिन के लिए अपने हमले रोक रहे हैं, सऊदी अरब को चाहिए कि शांति के इस मौक़े का फ़ायदा उठाए और यमन पर हमले और यमन की नाकाबंदी समाप्त करे। इसके बाद सऊदी गठबंधन की ओर से एलान किया गया कि वह रमज़ान महीने में यमन पर हमले रोक रहा है।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने यमन में होने वाले संघर्ष विराम का स्वागत किया।

ब्रिटेन, फ़्रांस और अमरीका ने भी संघर्ष विराम का स्वागत किया। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यमनी जनता को सांस लेने का मौक़ा मिला है जिसका कई साल से उसे इंतेज़ार था। बाइडन ने कहा कि मैं पहले भी कह चुका हूं कि यह जंग ख़त्म होनी चाहिए।

नार्वे ने भी संघर्ष विराम का स्वागत किया।

अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने ट्वीटर हैंडल पर लिखा कि हम संघर्ष विराम का स्वागत करते हैं जिसके नतीजे में सनआ एयरपोर्ट सीमित रूप से खुल जाएगा जबकि हुदैदा बंदरगाह की नाकाबंदी भी समाप्त हो जाएगी।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए