सीरिया के कुछ इलाक़ों में सेना की प्रगति जारी
सीरियाई सेना ने दमिश्क़ के कई उपनगरीय इलाक़ों और हलब प्रांत को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
सीरियाई सेना व स्वयं सेवी बल ने आतंकवादी गुटों के साथ भीषण झड़प के बाद दमिश्क़ के स्ट्रैटिजिक दृष्टि से अहम उपनगरीय क़स्बे ज़ुबदैन को आतंकियों के अतिग्रहण से आज़ाद करा लिया। इस झड़प के दौरान 10 से ज़्यादा आतंकी मारे गए। सीरियाई सेना ने इसी प्रकार देश के पश्चिमोत्तरी प्रांत हलब के पश्चिम में स्थित हंदरात कैंप के कुछ भागों को अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके साथ ही रूस और सीरिया के युद्धक विमानों ने हलब के दक्षिण व पश्चिम में आतंकवादी गुट नुस्रा फ़्रंट और अहरारुश्शाम के ठिकानों पर बमबारी की। हलब के कुछ पश्चिमोत्तरी इलाक़ों से भी आतंकियों का सफ़ाया हो गया।
दमिश्क़ के उपनगरीय भाग पूर्वी ग़ूता में कई दिनों से सीरियाई सैनिकों और आतंकियों के बीच झड़प चल रही है। आतंकियों के बीच आपस में झड़पें बढ़ने के साथ साथ आतंकवादी गुटों में एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की घटनाएं बढ़ गयी हैं। जैशुल इस्लाम नामक आतंकवादी गुट के एक सरग़ना अबू नूर मसराबा ने फ़ीलक़ुर रहमान पर अमरीका के लिए काम करने का आरोप लगाया। पूर्वी ग़ूता में आतंकी गुट विदेशी मदद को बांटने को लेकर कई बार आपस में भिड़ चुके हैं जिसके दौरान बहुत से आतंकी मर चुके हैं। (MAQ/N)