सीरिया में हिज़्बुल्लाह के ज़ुल्फ़ेक़ार शहीद
सीरिया में लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन के एक कमांडर ज़ायोनी शासन के हमले में शहीद हो गए हैं।
लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन ने शुक्रवार को एक बयान जारी करके कहा है कि उसके एक वरिष्ठ कमांडर मुस्तफ़ा बद्रुद्दीन सीरिया में इस्राईल के हाथों शहीद हो गए हैं। वे दमिश्क़ हवाई अड्डे के निकट अपने निवास स्थान पर ज़ायोनी शासन के हमले में शहीद हो गए। हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि वह अभी इस बात की जांच कर रहा है किइस्राईल ने हवाई हमला करके या बम धमाका करके उसके इस वरिष्ठ कमांडर को शहीद किया है। इससे पहले इस प्रकार की ख़बरें आई थीं कि ज़ायोनी शासन के एक विमान ने हमला करके मुस्तफ़ा बद्रुद्दीन और उनके कुछ साथियों को शहीद कर दिया है। वे हिज़्बुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर एमाद मुग़निया के क़रीबी रिश्तेदार और उनके उत्तराधिकारी थे। अमरीका, ब्रिटेन और इस्राईल की गुप्तचर संस्थाएं तीस साल से उनके पीछे पड़ी हुई थीं। हिज़्बुल्लाह में उन्हें ज़ुल्फ़ेक़ार के नाम से भी जाना जाता था।
इससे पहले भी समीर क़ंतार सहित लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन के कई सदस्य व कमांडर, जो तकफ़ीरी आतंकियों से लड़ने के लिए सीरिया गए हुए थे, ज़ायोनी शासन के हवाई हमलों में शहीद हो चुके हैं। सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा भी है कि जब भी सीरियाई या प्रतिरोधक बल, क्षेत्र के कुछ अरब व पश्चिमी देशों तथा इस्राईल के समर्थन प्राप्त आतंकियों के मुक़ाबले में बड़ी विजय हासिल करने वाले होते हैं, उन पर इस्राईल हमला कर देता है। (HN)