बग़दाद में आतंकी हमले में दसियों हताहत
इराक़ की राजधानी बग़दाद में हुए वर्ष के सबसे रक्तरंजित आतंकी हमले में हताहत होने वालों की संख्या 70 हो गई है जबकि दाइश ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर ली है।
बग़दाद के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को तीन भीषण धमाके हुए जिनमें कम से कम 63 लोग हताहत और 100 से अधिक अन्य घायल हो गये।
इराक़ की पुलिस और चिकित्सा सूत्रों ने इन धमाकों को जारी वर्ष का सबसे घातक और विध्वंसक हमला बताया। मंगलवार की शाम पूर्वी बग़दाद में हुए कार बम धमाके में 19 लोग हताहत और दसियों अन्य घायल हो गये। अलफ़ुरात न्यूज़ एजेन्सी के अनुसार, यह धमाका सद्र सिटी के मुख्य द्वारा पर हुआ। इस धमाके से कुछ ही देर पहले उत्तरी बग़दाद के शाब नमाक क्षेत्र के बाज़ार में एक आत्मघाती हमला हुआ जिसमें 44 लोग हताहत औ 99 से अधिक लोग घायल हुए।
इसी प्रकार दक्षिणी बग़दाद के अन्य क्षेत्रों में होने वाले धमाकों में 6 लोग हताहत और 21 अन्य घायल हो गये। इराक़ी संचार माध्यमों ने इसी प्रकार पश्चिमी बग़दाद के अबू ग़ुरैब के क्षेत्र में होने वाले एक धमाके में एक नागरिक के हताहत होने की सूचना दी है। (AK)