जार्डन के युद्धक विमानों ने भी सीरिया पर बमबारी की
जार्डन के संचार माध्यमों ने सूचना दी है कि इस देश के युद्धक विमानों ने सीरिया के सीमावर्ती क्षेत्रों में बमबारी की है।
समाचार एजेन्सी तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार जार्डन के कुछ संचार माध्यमों ने कुछ वीडियो और तस्वीरें प्रकाशित की हैं जिसमें यह दिखाया गया है कि जार्डन के युद्धक विमानों ने सीरिया के साथ लगने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में बमबारी की है।
जार्डन के संचार माध्यमों की ओर से किये गये दावे के अनुसार सीरिया के दरआ प्रांत में आतंकवादियों के ठिकानों को लक्ष्य बनाकर उन पर बमबारी की गयी।
जार्डन के विदेशमंत्री एमन अस्सफदी ने दो दिन पहले एक साक्षात्कार में दावा किया था कि सीरिया से जार्डन मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए जार्डन सैनिक कार्यवाही कर सकता है।
जार्डन की सरकार ने कई बार दावा किया था कि सीरिया से आतंकवादी जार्डन आते हैं और मादक पदार्थों की तस्करी भी होती है। अभी हाल ही में सीरिया के विदेशमंत्री जार्डन की यात्रा पर गये थे और वहां उन्होंने जार्डन के अपने समकक्ष से भेंटवार्ता की थी और यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों देशों के बीच अपनी दक्षिणी और पूर्वी सीमाओं की सुरक्षा के बारे में सहमति बनी थी या नहीं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में बमबारी के बारे में जार्डन के संचार माध्यमों ने जो दावा किया है उसके बारे में अभी तक सीरियाई सरकार और सेना की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!