इस्राईल को नई अवैध बस्तियों के निर्माण से रोका जाए, जीसीसी
फ़ार्स खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के विदेश मंत्रियों ने अवैध क़ब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों में नई बस्तियों के निर्माण की ज़ायोनी शासन की योजना की कड़ी निंदा की है और ऐसी किसी भी योजना को रोकने के लिए विश्व समुदाय से कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ में जीसीसी की मंत्रिस्तरीय बैठक में इस्राईल की कड़ी निंदा की गई।
जीसीसी के विदेश मंत्रियों की बैठक में अवैध बस्तियां बसाने या उन पर अपनी संप्रभुता थोपने के ज़ायोनी शासन के प्रयासों को ख़ारिज कर दिया, क्योंकि ऐसा कोई भी प्रयास अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा पारित किए गए प्रस्तावों के ख़िलाफ़ है, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2334 का घोर उल्लंघन है।
दिसंबर 2016 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यह प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें इस्राईल के क़ब्जे वाले वेस्ट बैंक में अवैध बस्तियों के निर्माण को अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का घोर उल्लंघन क़रार दिया गया था।
जीसीसी के विदेश मंत्रियों ने विश्व समुदाय से अनुरोध किया कि वह ज़ायोनी शासन पर फ़िलिस्तीनियों की ज़मीनों को हड़पने और अवैध निर्माण रोकने के लिए वाजिब दबाव बनाए। msm