सऊदी समर्थित गुट में स्वाधीनता नहीं हैः अंसारुल्लाह
यमन के अंसारुल्लाह जनांदोलन के प्रवक्ता ने कहा है कि शांति वार्ता में सऊदी समर्थित गुट में स्वाधीनता नहीं है और वह निर्णय लेने की योग्यता नहीं रखता।
मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने शुक्रवार को एक लेबनानी समाचारपत्र से बात करते हुए कहा कि यमन की शांति वार्ता अब तक किसी परिणाम तक नहीं पहुंच सकी है क्योंकि वार्ता में सऊदी समर्थित पक्ष में कोई स्वाधीनता नहीं है और उसने अब तक कोई स्पष्ट नीति नहीं अपनाई है। उन्होंने कहा कि शांति वार्ता के परिणाम तक न पहुंच पाने का एक महत्वपूर्ण कारण यह है कि दूसरा पक्ष राजनैतिक समाधान और वार्ता में विश्वास ही नहीं रखता बल्कि वह अब भी युद्ध का विकल्प अपनाए हुए है।
अंसारुल्लाह के प्रवक्ता ने शांति वार्ता रुक जाने की संभावना के बारे में कहा कि वार्ता में अधिकतर ध्यान सुरक्षा पहलुओं और सैन्य कार्यवाहियों के जारी रहने पर था और अगर दूसरे पक्ष ने शांति में रुचि नहीं दिखाई तो निश्चित रूप से वार्ता का कोई फ़ायदा नहीं होगा। उन्होंने यमन में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति की ओर भी संकेत किया और कहा कि यमन की जनता कभी भी अपने देश में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति को सहन नहीं करेगी क्योंकि यह यमन की संप्रभुता और स्वाधीनता के खुले हनन के समान है। (HN)