हमास संगठन के बड़े नेता की हत्या करना चाहता है इस्राईल
इस्राईली मीडिया ने खुलासा किया है कि इस्राईल के सुरक्षा अधिकारी हमास संगठन के बड़े नेता सालेह आरूरी की हत्या की कोशिश में लगे हुए हैं।
इस्राईली सुरक्षा अधिकारियों का यह मानना है कि सालेह आरूरी वेस्ट बैंक में इंतेफ़ाज़ा आंदोलन की आग भड़का रहे हैं।
इस्राईली मीडिया ने सालेह आरूरी के इस बयान का हवाला दिया है जिसमें आरूरी ने फ़िलिस्तीनियों का आहवान किया कि इस्राईली सेना और ज़ायोनी बस्तियों के निवासियों का मुक़ाबला करें और नतीजा यह है कि फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ताओं की तरफ़ से हमले तेज़ हो रहे हैं। हालिया दिनों में हवारा और अलख़लील में फ़िलिस्तीनियों के हमले हुए जिनमें तीन ज़ायोनी मारे गए।
इस्राईली जनरल ईतान दानगोट जो तीन मंत्रियों के रक्षा सचिव रह चुके हैं कई बार आरूरी की हत्या की बात कर चुके हैं।
जनरल दानगोट ने अख़बार यदीऊत अहारोनोत से कहा कि मेरी नज़र में आज आरूरी सबसे ख़तरनाक व्यक्ति है।
अख़बार का दावा है कि आरूरी हमलों का समन्वय करते हैं।
इस्राईली मंत्रिमंडल ने गत मंगलवार को तीन घंटे की मीटिंग की जिसके बाद यह कहा गया कि प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतनयाहू को अधिकार दिया गया है कि वो टारगेट किलिंग के लिए कार्यवाही कर सकते हैं।
सालेह आरूरी हमास के बड़े नेताओं में गिना जाते हैं उन्होंने इस संगठन की सैनिक शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वो 15 साल इस्राईल की जेलो में गुज़ार चुके हैं।
इस्राईल का आरोप है कि वेस्ट बैंक में होने वाले अनेक हमलों के पीछे आरूरी का हाथ है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए