इराक़ सरकार की मांग पर क़ासिम सुलैमानी बग़दाद गए
इराक़ के स्वयंसेवी बलों के एक वरिष्ठ कमान्डर ने कहा है कि बग़दाद सरकार की अपील पर ईरान की क़ुद्स ब्रिगेड के कमान्डर क़ासिम सुलैमानी इराक़ में उपस्थित हुए।
अबू मेहदी अलमुहन्दिस ने सूमरिया न्यूज़ एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि युद्ध के आरंभ से ही ईरानी सैन्य सलाहकार हमारे साथ रहे हैं और ईरान की सिपाहे पासदारान की क़ुद्स ब्रिगेड के कमान्डर क़ासिम सुलैमानी, बग़दाद सरकार की अपील पर इराक़ पहुंचे। उनका कहना था कि देश की सशस्त्र सेना के कमान्डर और प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी की मांग पर ही क़ासिम सुलैमानी इराक़ पहुंचे।
अबू मेहदी अलमुहन्दिस ने कहा कि आतंकियों का मुक़ाबल करने के लिए इराक़ी सेना के पास भरपूर क्षमता पायी जाती है। उनका कहना था कि स्वयंसेवी बलों का कोई राजनैतिक उद्देश्य नहीं है और हमारा उद्देश्य राजनैतिक प्रक्रिया का समर्थन है।
इराक़ के स्वयंसेवी बलों के कमान्डर का यह बयान एेसी हालत में है केि जब सऊदी अरब के अधिकारी, विशेष रूप से इस देश के विदेशमंत्री आदिल अलजुबैर ने ब्रिगेडियर जनरल क़ासिम सुलैमानी की इराक़ में उपस्थिति पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ईरान की सेना, सीरिया की जनता और इराक़ में युद्ध कर रही है और पूरी दुनिया में विध्वंसक कार्यवाहियां कर रही हैं।
सऊदी अरब की इस आपत्ति का जवाब देते हुए ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता जाबिरी अंसारी ने कहा था कि बग़दाद सरकार की औपचारिक मांग पर आतंकवाद और चरमपंथ से मुक़ाबले के लिए ईरानी सेना के सलाहकार इराक़ गये हैं क्योंकि इन आतंकियों और चरमपंथियों ने क्षेत्र को अशांत कर दिया है। (AK)