आतंकी गुटों के लिए इस्राईल ने बनाई नई संपर्क लाइन
ज़ायोनी सेना ने सीरिया के विरोधी वहाबी गुटों के लिए संपर्क लाइन स्थापित की है।
ज़ायोनी शासन की सेना ने सीरिया में सक्रिय आतंकवादी गुटों से संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से नई संपर्क लाइन आरंभ की है।
ज़ायोनी संचार माध्यमों के अनुसार इस शासन के चैनेल-2 ने बताया है कि इस्राईली सैनिकों और सीरिया में सक्रिय सशस्त्र गुटों के बीच सरलता से संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से संपर्क इकाई स्थापित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य, घायल आतंकवादियों का अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन में उपचार करना है। इस्राईली चैनेल के अनुसार संपर्क इकाई की स्थापना से सीरिया के हालात पर निकट से नज़र रखी जा सकेगी।
ज़ायोनी समाचारपत्र ने लिखा है कि इस्राईल का सीरिया में सक्रिय आतंकवादियों से संपर्क कोई नई बात नही है।
ज्ञात रहे कि सीरिया की सरकार के विरुद्ध युद्ध करने वाले तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों में से एक नुस्रा फ़्रंट का युद्ध मोर्चा, सीरिया से लगने वाली अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन की सीमा पर स्थित है जिसे इस्राईल का हर प्रकार का समर्थन प्राप्त है।